रांची (झारखंड) : झारखंड में उग्रवाद विरोधी अभियान के तहत रांची पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के प्रमुख सदस्यों में शामिल और 10 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और संगठन से जुड़े पर्चे बरामद किए गए हैं।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने सहयोगियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के निर्देशन और बेड़ो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने देर रात जंगल क्षेत्र में घेराबंदी अभियान चलाया, जिसके दौरान एक संदिग्ध हथियारबंद व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो के रूप में बताई और संगठन में अपनी भूमिका स्वीकार की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमृत होरो पिछले कई वर्षों से झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय था। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, आगजनी, गोलीबारी और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर मामलों में 50 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि संगठन के नाम पर व्यवसायियों, ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों से फोन तथा सोशल मीडिया माध्यमों से लेवी की मांग की जाती थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अमृत होरो कई चर्चित घटनाओं में शामिल रहा है। उस पर निर्माण कार्यों में लेवी मांगने, परियोजना स्थलों पर हमला करने, वाहनों में आग लगाने और कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के आरोप हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अमृत होरो की गिरफ्तारी से पीएलएफआई संगठन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से राज्य में उग्रवादी गतिविधियों और रंगदारी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।