लखनऊ :उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। देर रात हुए इस दुर्घटना में छह श्रमिकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य कई घंटों तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार यह हादसा हमीरपुर जिले के ललपुरा क्षेत्र में हुआ, जहां बेतवा नदी पर दो लेन वाले पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के बीच पुल का स्लैब भरभराकर नीचे गिर पड़ा। उस समय कुछ श्रमिक नीचे आराम कर रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।
मौसम विभाग के मुताबिक हादसे के दौरान क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात से ही बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीन श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि छह लोगों की मौत की पुष्टि की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण कार्य दो पालियों में चल रहा था। कुछ मजदूर पुल के ऊपरी हिस्से में काम कर रहे थे, जबकि अन्य नीचे मौजूद थे। अचानक मौसम खराब होने पर श्रमिक बचने का प्रयास कर ही रहे थे कि पुल का हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा।
बताया जा रहा है कि यह पुल मोराकांड और कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा था। करीब 700 मीटर लंबे इस पुल निर्माण परियोजना की लागत लगभग 90 करोड़ रुपये है। परियोजना पर काम वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और इसे वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।