राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का सम्मान, देहरादून रवाना होंगे आठ प्रतिभागी

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : राधे कृष्ण नगर, कुजू स्थित चैंपियंस डोजो में रविवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा युवा नेता सह संसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। समारोह का आयोजन चैंपियंस डोजो के उन आठ मेधावी खिलाड़ियों के सम्मान में किया गया, जिनका चयन राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हुआ है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में नैंसी सिंह, नैतिक वत्स, मान्या सिंह, स्वयं, अर्पिता कुमारी मिश्रा, स्वयं कुमार सिंह, मनजोत कौर एवं नमीषा कुमारी शामिल हैं। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पदक जीतकर लौटने वाले खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

चैंपियंस डोजो के प्रशिक्षक ने बताया कि चयनित सभी आठ खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 1 जून 2026 को देहरादून के लिए रवाना होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य और जिले का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में कराटे प्रशिक्षक सुमित कुमार (ब्लैक बेल्ट थर्ड डान), रवि कुमार सोरेन (ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान), अभिभावक राहुल कुमार सिंह, राधिका सिंह, शैलेन्द्र पांडेय सहित कई कराटे खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।