प्रयागराज :एयर मार्शल तरुण चौधरी ने 1 जून 2026 को मध्य वायु कमान मुख्यालय के वायु अफसर कमांडिंग-इन-चीफ (AOC-in-C) का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने एयर मार्शल बालकृष्णन मनिकंटन का स्थान लिया, जो 31 मई 2026 को भारतीय वायु सेना में 40 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए।
एयर मार्शल तरुण चौधरी को दिसंबर 1989 में भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन प्राप्त हुआ था। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वायु युद्ध-पद्धति कॉलेज तथा राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं।
अपने लंबे और प्रतिष्ठित सैन्य करियर के दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण परिचालन, स्टाफ और राजनयिक दायित्वों का निर्वहन किया है। वे भारतीय दूतावास स्वीडन में डिफेंस अटैचे (रक्षा सचिव) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं तथा नॉर्वे, फिनलैंड और डेनमार्क के लिए समवर्ती दायित्व संभाल चुके हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने एकीकृत रक्षा स्टाफ (IDS) मुख्यालय और वायु सेना मुख्यालय में परियोजनाओं, रक्षा अधिग्रहण तथा मानव संसाधन प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। भारतीय वायु सेना की क्षमता वृद्धि और भविष्य की तकनीकों के समावेश के उद्देश्य से कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का नेतृत्व भी उन्होंने किया है।
मध्य वायु कमान का कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व एयर मार्शल तरुण चौधरी दक्षिणी वायु कमान मुख्यालय में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी (SASO) के पद पर सेवारत थे।