कुजू में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइकर्स गैंग के बदमाश

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड :   जिले के कुजू क्षेत्र में बाइकर्स गैंग का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कुजू बस्ती निवासी मंदोदरी देवी, पति स्वर्गीय बैजनाथ प्रसाद केशरी, मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे बैंक ऑफ इंडिया, कुजू शाखा से राशि निकासी कर अपने घर पहुंची थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके घर के पास पहुंचे और किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने महिला के करीब आ गए।

बताया जाता है कि बातचीत के दौरान ही एक अपराधी ने महिला के गले से कीमती सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। आसपास के लोगों ने भी उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

पीड़िता मंदोदरी देवी ने घटना की लिखित सूचना कुजू ओपी में दी है। बताया गया है कि लूटी गई सोने की चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार हो रही झपटमारी एवं बाइकर्स गैंग की गतिविधियों ने क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।