उपायुक्त ऋतुराज ने किया विभिन्न खेल परिसरों का औचक निरीक्षण : इंडोर स्टेडियम का प्रवेश शुल्क कम करने एवं खेल सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त ऋतुराज ने किया विभिन्न खेल परिसरों का औचक निरीक्षण : इंडोर स्टेडियम का प्रवेश शुल्क कम करने एवं खेल सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश
खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्विमिंग पूल को सुचारू करने तथा सिद्धू कान्हू स्टेडियम के छात्रावास में खिलाड़ियों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर दिया बल।
रामगढ़, झारखंड : जिले में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने तथा खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा बुधवार को विभिन्न खेल परिसरों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खिलाड़ियों की सुविधा और उनके विकास के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए ।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सर्वप्रथम इंडोर स्टेडियम पहुंचे। वहां उन्होंने खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक आकर्षित करने व खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से स्टेडियम के प्रवेश शुल्क को कम करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली खेल सामग्री अविलंब उपलब्ध कराने की बात कही। स्टेडियम की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने नगर परिषद के पदाधिकारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। उन्होंने बंद पड़े स्विमिंग पूल को अविलंब पूरी क्षमता के साथ सुचारू करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया ताकि तैराकों और खेल प्रेमियों को इसका लाभ मिल सके।निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त सिद्धू कान्हू स्टेडियम रामगढ़ पहुंचे। यहाँ उन्होंने खेल छात्रावास की स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छात्रावास को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए और यहाँ खेल विद्यार्थियों के लिए रहने, खाने और अभ्यास करने की समुचित एवं उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी श्री संजीत कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारीगण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।