कुजू में फिर चेन स्नैचिंग, एक सप्ताह में तीसरी वारदात

Spread the love

बाइक सवार अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन लूटी, क्षेत्र में दहशत

रामगढ़ (झारखंड): कुजू क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब 6:11 बजे रामानगर से मरार जाने वाले मार्ग पर दो बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी चेन स्नैचिंग की घटना है।

जानकारी के अनुसार, सोनल अग्रवाल अपने बच्चे के साथ रामानगर स्थित दुकान से खरीदारी कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेज गति से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।

इससे पहले मंगलवार को कुजू बस्ती के निकट मंदोदरी देवी तथा टूटीझरना रोड स्थित मनमोहन नगर में पूर्व शिक्षिका आशा सहाय से भी अपराधियों ने सोने की चेन लूट ली थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र की महिलाओं में भय का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।