रामगढ़ में विकास योजनाओं का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, बस स्टैंड, तालाब, पार्क और सीवेज परियोजनाओं की प्रगति पर जताई गंभीरता

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को नगर परिषद एवं छावनी परिषद क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सबसे पहले छावनी फुटबॉल मैदान का दौरा किया। यहां खेल सुविधाओं के विस्तार एवं मैदान के समग्र विकास को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर बल दिया।

इसके बाद उन्होंने बस स्टैंड के समीप स्थित खाली भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उक्त स्थल पर टाउन हॉल अथवा सामुदायिक भवन निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

रामगढ़ कॉलेज गेट के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या पर भी उपायुक्त ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित विभाग को ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने तथा निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मुर्रामकला स्थित डंप यार्ड का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने डंप यार्ड की चहारदीवारी एवं पहुंच पथ के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।

बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन कैंटीन और अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। वहीं ब्रिगेडियर पुरी पार्क, सुभाष चौक एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने बिजुलिया तालाब सहित अन्य जल स्रोतों का निरीक्षण कर उनके संरक्षण, सौंदर्यीकरण और सीमांकन कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलाशयों का संरक्षण पर्यावरण और शहर की सुंदरता दोनों के लिए आवश्यक है।

स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान मरार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं एवं अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

टूटी झरना मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान वहां बुनियादी सुविधाओं के विकास और परिसर को आकर्षक बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा सुगिया स्थित निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शनिचरा बाजार क्षेत्र भी पहुंचे, जहां भविष्य की विकास योजनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक भूमि चिह्नित करने और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।