झारखंड में 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शेड्यूल जारी

Spread the love

रांची (झारखंड) : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची ने 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजकर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना का विकास करना और उनकी प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। परिषद ने सभी स्तरों पर निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

प्रतियोगिता में राज्य के सरकारी विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों, अल्पसंख्यक विद्यालयों, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों, मॉडल विद्यालयों, उत्कृष्ट विद्यालयों, प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालयों तथा मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के अंडर-17 एवं अंडर-19 तथा बालक वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का कार्यक्रम

स्तर             तिथि
विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता       16 जून से 20 जून 2026
प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता       23 जून से 30 जून 2026
जिला स्तरीय प्रतियोगिता     1 जुलाई से 5 जुलाई 2026
प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता    8 जुलाई से 12 जुलाई 2026
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता   17 जुलाई से 21 जुलाई 2026
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर   25 जुलाई से 14 अगस्त 2026
राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता  18 अगस्त से 25 सितंबर 2026

शिक्षा विभाग के इस निर्णय से झारखंड के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। विद्यालय स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाली यह प्रतियोगिता राज्य में फुटबॉल के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा को नई ऊर्जा देगी।