नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : सिमडेगा जिले के क्रुशकेला निवासी प्रियंका बिलुंग ने रामगढ़ थाना में आवेदन देकर नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में चाईबासा निवासी बिमलेश कुमार गोप को नामजद किया गया है।

पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार आरोपी ने अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसे रामगढ़ के पटेल चौक स्थित एक प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग लेने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह 4 मई को उक्त केंद्र पहुंची।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्रशिक्षण केंद्र में करीब 30 से 35 लड़कियों को रखा गया था। उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाती थी और फोन पर भी स्वतंत्र रूप से बातचीत करने की छूट नहीं थी। इसी दौरान प्रशिक्षण और नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 50 हजार रुपये लिए गए।

प्रियंका बिलुंग का कहना है कि रुपये देने के बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर बाहर आई और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल रामगढ़ पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।