रामगढ़ कैंट, (झारखंड) :यातायात पुलिस एवं झारखंड सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रामगढ़ के नेतृत्व में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना था।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चला रहे दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रामगढ़ ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सभी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन अवश्य करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
अभियान में यातायात प्रभारी रामगढ़, थाना प्रभारी रामगढ़ तथा झारखंड सेवा समिति के गणमान्य सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।