रामगढ (झारखंड) : 28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, तैयारियों को लेकर कार्यशाला आयोजित

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (NID) के सफल आयोजन एवं आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय, रामगढ़ के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन-सह-जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने की।

कार्यशाला में बताया गया कि रामगढ़ जिले में 28 जून से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

बैठक के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के एसएमओ डॉ. सुधानन्द द्वारा सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एसटीटी/बीटीटी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य समन्वयकों (CCH) को पोलियो उन्मूलन, टीकाकरण रणनीति एवं शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। सभी प्रखंडों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने तथा स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को बूथों की संख्या और आवश्यकता के अनुरूप बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों तक अभियान की जानकारी पहुंच सके और कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों से अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।