गुरप्रीत कौर बनीं श्री कृष्ण विद्या मंदिर की नई प्राचार्या

Spread the love

रामगढ़, झारखण्ड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर की प्रबंध समिति ने रविवार को गुरप्रीत कौर को विद्यालय की नई प्राचार्या नियुक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), सचिव विमल किशोर जाजू, संयुक्त सचिव अशोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, प्रभारी प्राचार्य सह उपप्राचार्य विजय तिवारी, शिक्षक प्रतिनिधि रंजू सिंह एवं विक्रम सिंह उपस्थित रहे।

विद्यालय अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने नवनियुक्त प्राचार्या गुरप्रीत कौर को बधाई देते हुए विद्यालय को शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में गुरप्रीत कौर ने विद्यालय हित को सर्वोपरि रखते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से विद्यालय के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।