एसडीएम संतोष गुप्ता के रामगढ़ स्थित आवास में चोरी, ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : गिरिडीह जिले के बगोदर-सरिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) एवं डुमरी के प्रभारी एसडीएम संतोष गुप्ता के रामगढ़ कैंट बंगाली टोला स्थितआवास में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात की है। उस समय संतोष गुप्ता के आवास पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान क्षेत्र में बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। अंधेरे और बिजली कटौती का लाभ उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश कर गए।

बताया जाता है कि बदमाशों ने घर के लगभग सभी कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारियों को खंगाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर कुछ नकदी एवं अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसकी सूचना संतोष गुप्ता और रामगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बंगाली टोला पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात बिजली नहीं रहने के कारण मोहल्ले में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे भी सक्रिय नहीं थे, जिससे चोरों की गतिविधियों का फुटेज नहीं मिल सका। इससे पुलिस जांच में शुरुआती स्तर पर कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रामगढ़ पहुंचने के बाद संतोष गुप्ता ने चोरी की घटना को लेकर रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।