रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को दुलमी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत सचिवालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, भैरवी जलाशय तथा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत इचातु पंचायत स्थित ब्रद बेचवा आंगनवाड़ी केंद्र से हुई। उपायुक्त ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण व्यवस्था, राशन वितरण और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने बच्चों की लंबाई और वजन के आंकड़ों का सत्यापन करते हुए सेविका एवं सहायिका को कुपोषण उन्मूलन के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से जोड़ने पर जोर दिया।
इचातु पंचायत सचिवालय में उपायुक्त ने नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस दौरान आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी उन्होंने हिस्सा लिया।
इसके बाद उपायुक्त ने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, स्वच्छता, पेयजल और भोजन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
भैरवी जलाशय पहुंचकर उपायुक्त ने केज कल्चर आधारित मत्स्य पालन गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मत्स्य उत्पादन, विपणन और रोजगार सृजन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। इसके बाद भैरवी जलाशय नहर परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अभियंताओं को कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
दौरे के अंतिम चरण में उपायुक्त ने दुलमी प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों और आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी गोपनीय शाखा पदाधिकारी रवींद्र कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी किशोरी यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।