उपायुक्त ऋतुराज ने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चटाक का किया औचक निरीक्षण, समय पर सिलेबस पूरा करने का दिया सख्त निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : क्षेत्रीय विकास, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज ने दुलमी प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चटाक का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों तथा बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वयं ‘क्लास टीचर’ की भूमिका में नजर आए। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया और अंत में उन्हें सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए हर सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

उपायुक्त ने बच्चों से सीधा संवाद कर पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति, पोशाक तथा साइकिल योजना की राशि समय पर मिलने संबंधी जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना से कोई पात्र छात्र वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही विद्यालय में अनुशासन और साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

आगामी परीक्षाओं को देखते हुए उपायुक्त ने प्राचार्य एवं सभी विषय शिक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि सभी कक्षाओं का सिलेबस निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सिलेबस पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को पर्याप्त रिवीजन का समय मिलना चाहिए, ताकि वे बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकें। पढ़ाई की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

आधुनिक शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त आईसीटी (ICT) लैब भी पहुंचे। उन्होंने कंप्यूटरों की कार्यशीलता की जांच की तथा विद्यार्थियों की कंप्यूटर दक्षता का आकलन करते हुए उनसे कुछ प्रायोगिक कार्य भी करवाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नोटिस बोर्ड, शिक्षक उपस्थिति पंजी एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया तथा सूचनाओं के नियमित अद्यतन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना की समीक्षा की। रसोईघर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उपायुक्त ने विद्यालय के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। मैदान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को खेल मैदान को जल्द से जल्द उन्नत एवं सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

भ्रमण के दौरान गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रवींद्र कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी किशोरी यादव सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी तथा विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।