
योग करते छात्र-छा़त्रा व एनसीसी कैडेट
कुजू (रामगढ़), झारखंड : अग्रसेन डीएवी पब्लिक स्कूल, भरेचनगर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य गंगा प्रसाद झा ने योग प्रशिक्षक संजय शुक्ला एवं अनुमीत कुमार का बुके भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग एवं प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों तथा अभ्यास के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी दी।
अपने संबोधन में प्राचार्य गंगा प्रसाद झा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शुद्धि और सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं मानसिक रूप से शांत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के खेल शिक्षक एवं मंच संचालक सुमित कुमार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित योग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में सुधीर कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अलावा एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।