रामगढ़, झारखंड :भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला के तत्वावधान में सोमवार को सुभाष चौक, रामगढ़ में “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शनी में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को चित्रों एवं प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के विचार को मोदी सरकार ने धरातल पर उतारने का कार्य किया है।
विधायक ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा की है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच बताया।
रोशन लाल चौधरी ने कहा कि आज भारत सड़क, रेल, बिजली, डिजिटल तकनीक, रक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और विश्व मंच पर भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जा रहा है।
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि यह चित्र प्रदर्शनी मोदी सरकार के “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, धारा 370 की समाप्ति, श्रीराम मंदिर निर्माण, आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति और भारत की आर्थिक प्रगति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।
सुभाष चौक पर आयोजित प्रदर्शनी को देखने के लिए सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की बड़ी संख्या पहुंची। लोगों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों और जानकारियों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष रिद्धि राज तथा सह-संयोजक शिव कुमार महतो की देखरेख में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री शिव कुमार महतो ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर चौधरी, उमेश प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष बलराम महतो, लक्ष्मी देवी, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, किरण देवी, रीति श्रीवास्तव, सुनील प्रसाद, नमेंद्र चंचल, महेंद्र प्रजापति, शीतल सिंह, रूपा साहू, विनीता सिंह, विजय जायसवाल, मंजू देवी, भानु देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।