रांची (झारखंड) :झारखंड स्टेट बार काउंसिल के संपन्न पंचवर्षीय चुनाव से संबंधित गजट नोटिफिकेशन बुधवार शाम जारी कर दिया गया। राज्य के विधि विभाग द्वारा जारी असाधारण गजट अधिसूचना में काउंसिल के 22 निर्वाचित सदस्यों के नाम शामिल किए गए हैं।
यह अधिसूचना तत्कालीन महाधिवक्ता राजीव रंजन एवं चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ के निर्देशों के अनुपालन में जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार अधिवक्ता ए.के. रशीदी, ललित यादव, अभिषेक कुमार भारती, प्रशांत कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव, पवन कुमार खत्री, मनोज कुमार-2, अनिल कुमार तिवारी, संजय कुमार विद्रोही, राज कुमार, निलेश कुमार, अनिल कुमार महतो, राजेश कुमार शुक्ला, मनोज कुमार-3, जीतेंद्र कुमार, अभय कुमार चतुर्वेदी, परमेश्वर मंडल, मधुलता रानी, रिंकू भकत, मीरा कुमारी, मोली सिन्हा एवं निवेदिता कुंडू को निर्वाचित सदस्य के रूप में अधिसूचित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने 12 मार्च 2026 को हुए मतदान के आधार पर झारखंड हाईकोर्ट एवं राज्य के विभिन्न सिविल न्यायालयों से जुड़े 22 अधिवक्ताओं को निर्वाचित घोषित किया था।
हालांकि, स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्यीय ढांचे में से एक सदस्य पद का परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया गया है। वहीं, दो महिला सदस्यों का चयन को-ऑप्शन के माध्यम से किया जाना है, जिस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के गठन की प्रक्रिया में यह अधिसूचना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसके बाद काउंसिल के नए कार्यकाल के गठन का मार्ग और अधिक स्पष्ट हो गया है।