रामगढ़ सदर अस्पताल से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 1.71 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (NID) के तहत रविवार को रामगढ़ जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन सदर अस्पताल, रामगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ की विधायिका श्रीमती ममता देवी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री ऋतुराज और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे।

1,71,477 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग ने तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,71,477 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूरवर्ती गांवों तक विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें जिला आरसीएच पदाधिकारी (DRCHO) डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ पदाधिकारी (DLO) डॉ. तुलिका रानी, जिला टीबी पदाधिकारी (DTO) डॉ. स्वराज, जिला शल्य चिकित्सक (DS) डॉ. हरेन चंद्र महतो सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी शामिल थे।

अतिथियों ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा

कार्यक्रम के दौरान विधायिका श्रीमती ममता देवी, उपायुक्त श्री ऋतुराज और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बच्चों को अपने हाथों से पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित न रहने दें।

“पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायिका श्रीमती ममता देवी ने कहा कि भारत ने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर विजय प्राप्त कर ली है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिले का एक भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से बाहर नहीं रहना चाहिए।

वहीं, उपायुक्त श्री ऋतुराज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि 1,71,477 बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सुदूरवर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा आम लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।

घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार और डीआरसीएचओ डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन विभिन्न बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

उन्होंने अभियान को सफल बनाने में जुटी एएनएम (ANM), सहिया बहनों और स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और रामगढ़ को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।