सिविल सेवा की तैयारी के लिए नई पहल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC), पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए पहले से IIT-JEE, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से मुफ्त कोचिंग और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही है।
शिक्षा को बढ़ावा देने की सरकार की कोशिश
मंत्री ने कहा कि साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाना है। इससे नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार का फोकस
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन, आधुनिक सुविधाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य के लिए सक्षम बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि सरकार चाहती है कि झारखंड के प्रतिभाशाली युवा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रहे मौजूद
साइकिल वितरण समारोह में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कल्याण विभाग के अधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपनी शिक्षा यात्रा के लिए उपयोगी बताया।