रामगढ़ (झारखंड) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले में घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा।
बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएंगे गणना प्रपत्र
उपायुक्त ने बताया कि इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। मतदाता प्रपत्र भरकर हस्ताक्षर के साथ बीएलओ को सौंपेंगे। एक प्रति कार्यालय में जमा होगी, जबकि दूसरी प्रति रिसीविंग के साथ मतदाता को वापस दी जाएगी। इस चरण में किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
प्रवासी और बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए भी व्यवस्था
उन्होंने बताया कि जो मतदाता रोजगार, शिक्षा अथवा अन्य कारणों से जिले से बाहर हैं, उनके परिवार का कोई वयस्क सदस्य ECINET पोर्टल या संबंधित बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र प्राप्त कर ऑनलाइन जमा कर सकता है। 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सत्यापन चरण में केवल चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे।
पुराने मतदाताओं को अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं
प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, जिनका या उनके माता-पिता का नाम पूर्व सूची में शामिल नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी।
अगस्त में प्रारूप सूची, अक्टूबर में अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी प्रक्रियाओं के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिले में 81.62 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी
उपायुक्त ने बताया कि रामगढ़ जिले के बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 7,55,455 मतदाता हैं। इनमें से 6,16,585 मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है, जो कुल का 81.62 प्रतिशत है। शेष 1,38,870 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य जारी है।
30 जून को चलेगा #JharkhandSIR विशेष अभियान
उन्होंने बताया कि 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक आयोजित होगी। इस दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराई गई जागरूकता सामग्री का वाचन किया जाएगा तथा #JharkhandSIR हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में मतदाता, ईएलसी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी भाग लेंगे।
ECINET ऐप के उपयोग पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान संबंधित सभी अधिकारी और कर्मी ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बन सके। उन्होंने सभी मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950, ECINET पोर्टल और ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।