झारखंड के रामगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा, धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने सुपरवाइजरों को लगाई फटकार

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के 22-बड़कागांव एवं 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में संचालित गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन और क्षेत्रीय निरीक्षण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच वितरित किए गए गणना प्रपत्रों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। जिन सुपरवाइजरों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने तथा निर्धारित समयावधि के भीतर लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

उपायुक्त ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण करने और बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या सामने आती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके।