बरही में 697 किलो डोडा बरामद, 24.39 लाख रुपये के मादक पदार्थ के मामले में दो पर केस दर्ज

Spread the love

बरही / हजारीबाग (झारखंड) : हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 697 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 24 लाख 39 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में दो लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम रसोईया, धमना स्थित एक मुर्गी फार्म के समीप बने कमरे में भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी।

सूचना के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और देर रात छापेमारी की गई। मौके पर संबंधित कमरे में बाहर से ताला लगा मिला। पुलिस ने घर के मालिक को ताला खोलने के लिए बुलाया, लेकिन उसके नहीं पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में ताला तोड़कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कमरे से प्लास्टिक के 47 बोरों में भरा डोडा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 697 किलोग्राम पाई गई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस ने इस मामले में बंगाली साव उर्फ बबलू साव और सुनील राणा, दोनों निवासी धमना, के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसडीपीओ ने कहा कि मामले में संलिप्त सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। छापेमारी अभियान में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, सुमित साव, कपुल दीपक नाग, सुशील कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

क्या है डोडा ?

डोडा अफीम के पौधे के फूल का सूखा छिलका होता है। इसे सुखाकर और पीसकर मादक पदार्थ के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। पुलिस के अनुसार, इसका अवैध कारोबार कई राज्यों तक फैला हुआ है और इस नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।