कुजू (रामगढ़), झारखंड :सीसीएल तोपा परियोजना के लोकल सेल में पिछले आठ दिनों से रोके गए कोयला लदे 41 ट्रकों को जिला प्रशासन के निर्देश पर दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रकों के रवाना होने से कोयला कारोबार से जुड़े लोगों और परियोजना प्रबंधन ने राहत की सांस ली। कोयला लदे ट्रकों को रोके जाने को लेकर तरह तरह की चर्चा थी। लोग ट्रकों को रोके जाने के पीछे कुछ मुआवजा की बात बताते हैं। लेकिन उस मामले में क्या हुआ यह कोई नहीं बता पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन के आदेश पर इन ट्रकों को लोकल सेल परिसर में रोका गया था। इसके बाद गुरुवार को झारखंड कोल ट्रेडर्स ट्रस्ट के अध्यक्ष काशीनाथ महतो के नेतृत्व में दानिश खान, मुकेश अगरिया, संजय मोदी, अवधेश कुमार, किशोर करमाली, रंजीत सिंह, मो. इस्लाम, जाहिद अंसारी, नीरज सिंह, दामोदर सिंह, सदानंद महतो समेत अन्य प्रतिनिधियों ने तोपा परियोजना प्रबंधन और सीसीएल कुजू क्षेत्रीय प्रबंधन से ट्रकों को शीघ्र छोड़ने की मांग की थी।
गुरुवार देर रात तक मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) ने सभी ट्रकों के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रशासन की अनुमति से सभी 41 ट्रकों को क्रमवार उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान जिला प्रशासन ने भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोयला डिपो और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर सख्ती से रोक रहेगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी अप्रिय घटना की आशंका न हो।
इधर, पूरे मामले को लेकर सीसीएल कुजू क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में क्षेत्रीय प्रबंधन, परियोजना प्रबंधन तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने तथा लोकल सेल में सामान्य व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।