रामगढ़ (झारखंड) में प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप सफल, 109 आवेदन में 69 को मिला लर्निंग लाइसेंस

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिला परिवहन कार्यालय रामगढ़ की पहल पर रामगढ़ प्रखंड परिसर में आयोजित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन रामगढ़ विधायक ममता देवी ने किया। कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के वाहन चालकों एवं युवाओं को उनके घर के निकट ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना था।

कैंप के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का एवं अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि कुल 109 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया, जिनमें से 69 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग आम नागरिकों को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इस तरह के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कैंप के साथ मोटरयान निरीक्षक मोनू मृणाल एवं विपुल उरांव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों स्थानीय वाहन चालकों एवं युवाओं को यातायात नियमों से संबंधित मार्गदर्शिका और जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए, ताकि सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित हो सके।

अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंपों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलती है। साथ ही बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने आम नागरिकों से अपील की कि वे वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ सभी यातायात नियमों का पालन करें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।