रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की प्रभावी निगरानी के लिए नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ पुलिस ने 36 सदस्यीय “अपराध रोकथाम एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ” [“Crime Prevention & Detection Wing (C.P. & D.W.)”] का गठन किया है। इसके साथ ही आरोपित अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार करने एवं निगरानी के लिए डिजिटल अपराधी निगरानी पोर्टल विकसित किया गया है।
एसपी ने बताया कि जिले में हत्या, संगठित अपराध, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब, डकैती, लूट, छिनतई, रंगदारी, चोरी, वाहन चोरी तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के मामलों में 1 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक आरोप पत्रित 1,971 अपराधियों का विवरण संकलित कर डिजिटल अभिलेख तैयार किया गया है। इनमें 1,374 अपराधी रामगढ़ जिले, 458 अन्य जिलों तथा 139 अन्य राज्यों के हैं।
उन्होंने बताया कि नवगठित प्रकोष्ठ में रामगढ़ एवं पतरातू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिले के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा प्रत्येक थाना से नामित नोडल पदाधिकारी शामिल किए गए हैं। यह प्रकोष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में कार्य करेगा और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
एसपी ने कहा कि सभी आरोप पत्रित अपराधियों का दोहरा आपराधिक सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई अपराधी किसी अन्य थाना क्षेत्र में निवास करता है तो संबंधित थाना द्वारा उसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप देने के लिए विशेष डिजिटल अपराधी निगरानी पोर्टल तैयार किया गया है। सत्यापन के बाद प्रत्येक अपराधी की डिजिटल प्रोफाइल तैयार होगी, जिसमें उसका आपराधिक इतिहास, वर्तमान पता, सत्यापन विवरण तथा अपराध करने की कार्यप्रणाली सहित अन्य आवश्यक जानकारियां सुरक्षित रखी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना के त्वरित उद्भेदन, सक्रिय अपराधियों की पहचान, निगरानी तथा विभिन्न थानों के बीच समन्वय को अधिक प्रभावी बनाएगा। इसके अलावा जेल से जमानत पर छूटे अपराधियों की नियमित निगरानी एवं सत्यापन भी इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आरोप पत्रित अपराधियों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार अपराध विवरणिका (डोजियर), निगरानी प्रस्ताव, अपराध नियंत्रण अधिनियम के प्रस्ताव, जमानत निरस्तीकरण, मादक पदार्थ कानून के तहत कार्रवाई तथा गुंडा बही एवं गिरोह पंजी में प्रविष्टि सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रामगढ़ पुलिस अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी, सतत एवं विधिसम्मत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही आमजन से अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।