रामगढ़, झारखंड : 130 से अधिक कराटे खिलाड़ियों ने दी कलर बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ कैंट स्थित द टेंपल ऑफ वॉरियर्स में रविवार को आयोजित कलर बेल्ट ग्रेडेशन टेस्ट में 130 से अधिक कराटे खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। ग्रेडेशन परीक्षा का आयोजन शिहान शशि पांडे (ब्लैक बेल्ट 6th डान) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

ग्रेडेशन टेस्ट के मुख्य परीक्षक, मुख्य रेफरी एवं मुख्य जज के रूप में क्योशी नरेंद्र सिन्हा (ब्लैक बेल्ट 7th डान), डेप्युटी असिस्टेंट चीफ इंस्ट्रक्टर ऑफ इंडिया, शोतोकान कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की बेसिक तकनीक, काता, कुमिते, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए क्योशी नरेंद्र सिन्हा ने कहा कि कराटे में बेल्ट केवल एक रंग नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्रेडेशन स्वयं को परखने और बेहतर बनने का अवसर देता है तथा नियमित अभ्यास, विनम्रता और सकारात्मक सोच से ही खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

शिहान शशि पांडे ने सभी प्रतिभागियों और सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नई बेल्ट खिलाड़ियों के लिए नई जिम्मेदारी भी लेकर आती है और कराटे आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा चरित्र निर्माण का भी माध्यम है।

कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशिक्षक राहुल पांडे, कमल नायक एवं रूपेश महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन राहुल पांडे ने किया।

बेस्ट कराटेका सम्मान

ग्रेडेशन परीक्षा के दौरान प्रत्येक बेल्ट श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट कराटेका के रूप में सम्मानित किया गया।

9th Kyu: अंकिता पोद्दार, आकांक्षा पोद्दार

7th Kyu: जिया कुमारू, प्रिंस कुमार

6th Kyu: अविका आर्यन, आयुस्मित जेना, नैतिक राज

5th Kyu: गुरबाज़ सिंह, अनुष्का प्रिया, आन्या श्री

4th Kyu: अमीता कुमारू

2nd Kyu: काश्वी मेहता

1st Kyu: दृष्टि प्रधान

ग्रेडेशन टेस्ट की ओवरऑल बेस्ट कराटेका का सम्मान काश्वी मेहता को प्रदान किया गया। उन्हें उत्कृष्ट तकनीकी प्रदर्शन, अनुशासन और आत्मविश्वास के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुष्पा पांडे, सुनील, अंश कुमार, अक्षित, सौर्य भारद्वाज, स्मृति भारद्वाज, सार्थक, रंजीत एवं संदीप सहित अनेक वरिष्ठ छात्र-छात्राएँ, अभिभावक और कराटे प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन सभी सफल खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देने और भविष्य में अधिक मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण के साथ प्रशिक्षण जारी रखने के संदेश के साथ हुआ।