सभापति रामेश्वर उरांव ने योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर दिया जोर, केंद्रीय सहायता प्राप्त परियोजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
रामगढ़ (झारखंड) : माननीय झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति रामेश्वर उरांव तथा समिति के सदस्य आलोक कुमार ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान परिसदन परिसर में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं केंद्रीय सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक के दौरान समिति ने जिले के आंतरिक संसाधनों को सुदृढ़ बनाने, केंद्रीय सहायता से संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों की विभागवार समीक्षा की। माननीय सदस्यों ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने समिति के समक्ष केंद्रीय सहायता प्राप्त परियोजनाओं, राजस्व संग्रहण, आधारभूत संरचना विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की भी जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सभापति रामेश्वर उरांव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।
समिति के सदस्य आलोक कुमार ने भी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए तथा विकास कार्यों में और तेजी लाने का आह्वान किया।