रामगढ़ कैंट (झारखंड) :पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा शहीद भगत सिंह पार्क, पंजाबी मोहल्ला में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, प्रियंका जैन, जसमीत सोनी, रंजू अरोड़ा, नीरू साहनी, गुरबक्स सैनी, जसप्रीत कौर और ममता अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।