रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिला पुलिस बल में कार्यरत पुलिसकर्मी अभिषेक भट्ट का बुधवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को रामगढ़ कैंट स्थित मुक्ति धाम गांधी घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस लाइन के सार्जेंट सन्नी कच्छप के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को शोक सलामी देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया गया कि अभिषेक भट्ट, पिता उमेश राय, वर्तमान में रामगढ़ की साहू कॉलोनी के निवासी थे, जबकि उनका पैतृक निवास बिहार के औरंगाबाद जिले के बैराव गांव में है। पुलिस विभाग में अपनी सेवाओं के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके सरल, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण वे समाज में भी काफी लोकप्रिय थे।
दिवंगत अभिषेक भट्ट को मुखाग्नि उनके छोटे भाई बमबम कुमार ने दी। श्रद्धांजलि सभा में पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष करण यादव, महामंत्री लवकुश मेहता, कोषाध्यक्ष दिनेश सुमन, नीरज कुमार भट्ट, रविशंकर राय, नीरज कुमार मंडल, राजेश कुमार राय, पवन कुमार, चंदन कुमार, शंभु कुमार, मो. शाहिद, मंगू सरदार, ललन कुमार, टोनू, विक्की दांगी, संतोष सिंह, विशाल कुमार, मोंटी सर, शाम बिहारी, अनूप कुमार राय, रामजी राय, फुदू राय, गौतम कुमार राय, जे.पी. राय, राहुल कुमार राय सहित कई पुलिस पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंतिम विदाई के दौरान साहू कॉलोनी के लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद अभिषेक भट्ट हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनका व्यवहार बेहद सरल और मानवीय था। लोगों ने कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।