रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुवार को रामगढ़ महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. विमल कुमार मिश्रा के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने संबोधन में डॉ. विमल कुमार मिश्रा ने सम्मान के लिए एलुमनी एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान तथा विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एलुमनी एसोसिएशन सहित सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक है और भविष्य में भी उनसे सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा रहेगी।
कार्यक्रम में एलुमनी एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. शारदा प्रसाद, वर्तमान अध्यक्ष प्रो. प्रणीत कुमार, मानद सचिव डॉ. तारा शंकर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष उमा सेन गुप्ता, सहसचिव मृत्युंजय केसरी सहित सदस्य प्रो. अंजू शर्मा, सुंदरलाल, सरजू महतो, सुरेश महतो, सुमन कुमार एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास में एलुमनी एसोसिएशन की सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में एलुमनी एसोसिएशन के मानद सचिव डॉ. तारा शंकर अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।