रांची (झारखंड) : महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित अनुकंपा समिति ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को राहत देते हुए 153 लंबित मामलों में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति विभाग पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।
पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक (झारखंड सशस्त्र पुलिस), पुलिस उप-महानिरीक्षक (विशेष शाखा), पुलिस उप-महानिरीक्षक (अपराध अनुसंधान विभाग) तथा पुलिस अधीक्षक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित 160 लंबित मामलों पर विचार किया गया। इनमें 153 मामलों में नियुक्ति को मंजूरी दी गई, जबकि चार मामलों को विभिन्न कारणों से लंबित रखा गया और तीन मामलों को नियमानुसार अस्वीकृत कर दिया गया।
समिति के निर्णय के अनुसार स्वीकृत नियुक्तियों में 62 बाल आरक्षी, 24 महिला आरक्षी, 66 आरक्षी तथा एक अग्निक चालक के पद पर आश्रितों की नियुक्ति की गई है। कुल मिलाकर 153 आश्रितों को सरकारी सेवा में अवसर मिला है।
पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है। इस दिशा में लंबित मामलों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को आयोजित पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में 85 मामलों पर विचार किया गया था, जिनमें से 84 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई थी।