रामगढ़ (झारखंड) :पुलिस अधीक्षक रामगढ़ ने गुरुवार को कार्यालय सभागार में पुलिस सभा आयोजित कर जिले के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना। सभा में पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ पुलिस मेंस एसोसिएशन, पुलिस एसोसिएशन, आरक्षियों एवं चतुर्थवर्गीय कर्मियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अंचल निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से जुड़ी प्रशासनिक, सेवा एवं अन्य समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिसकर्मी बेहतर कार्य वातावरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण विभाग की प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।