रामगढ़ (झारखंड) : 20वीं सब-जूनियर राज्य स्तरीय बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2026-27 के दौरान शनिवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज ने राजरप्पा स्थित सीसीएल प्रोजेक्ट स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खेल मैदान, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आयोजन समिति से कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों से आई सभी खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा प्रतियोगिता के दौरान सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की जाएं।
इस दौरान उपायुक्त ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीमवर्क जैसे गुणों को भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं तथा खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।