चितरपुर में कोची नदी से युवक का शव बरामद, शरीर पर चोट के निशान मिलने से बढ़ी हत्या की आशंका

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड स्थित चितरपुर-होन्हें मार्ग पर कोची नदी से मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रजरप्पा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान चितरपुर के रहमत नगर निवासी शहनवाज उर्फ गुड्डू (39 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

शरीर पर मिले कई चोट के निशान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर और आंख के आसपास गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। इन चोटों के कारण मौत के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक मोहम्मद इकबाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।

परिजन देंगे लिखित शिकायत

इधर, मृतक के परिजन भी मामले में थाना को लिखित आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।