जिला स्तरीय लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता में गोला प्रखंड की बालिका टीम बनी विजेता, दुलमी रही उपविजेता

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में गांधी मेमोरियल मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस विद्यालय, रामगढ़ में आयोजित दो दिवसीय द्वितीय जिला स्तरीय लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-12 बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन करते हुए गोला प्रखंड की टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप एम. केरकेट्टा, एपीओ कुमार राज, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुलोचना कुमारी तथा विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार अनल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

गोला ने फाइनल में दुलमी को 1-0 से हराया

प्रतियोगिता में जिले के छह प्रखंडों की अंडर-12 बालिका टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन मुकाबला दुलमी और पतरातू प्रखंड के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद ट्राई-ब्रेकर में दुलमी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में गोला और दुलमी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन गोला प्रखंड की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत सभी टीमों द्वारा राष्ट्रगान के साथ की गई, जिसके बाद खिलाड़ियों का परिचय हुआ और रामगढ़ फुटबॉल संघ के रेफरी ने सीटी बजाकर मैचों का शुभारंभ कराया।

‘खेल और पढ़ाई दोनों जरूरी’

जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी ने कहा कि लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क का विकास करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “बच्चे पूरे उत्साह से खेलें और मन लगाकर पढ़ाई भी करें, तभी वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे।”

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-12 बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले के विभिन्न प्रखंडों की टीमें हिस्सा लेंगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक मिथलेश कुमार रविदास, शेखर कुमार, कुलदीप कुमार, तेजू मुंडा, दीपक सिंह, धर्मजीत सिंह चौहान, आदित्य कुमार, मो. मुस्तकीम, रामप्रकाश महतो, धीरज पाठक सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।