रामगढ़ में निक्षय मित्र सम्मान समारोह आयोजित, 173 सहयोगियों ने जुटाए 11.06 लाख रुपये; टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली

Spread the love
पोषण पोटली प्रदान करते डीसी, डीडीसी व अन्य अधिकारी

रामगढ़ (झारखंड) : टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए गए 100 दिवसीय विशेष अभियान के सफल समापन पर मंगलवार को रामगढ़ टाउन हॉल में “निक्षय मित्र सम्मान सह पोषण पोटली वितरण समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन में समाज की भागीदारी को बढ़ावा देना, निक्षय मित्रों को सम्मानित करना तथा टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना था।

समारोह में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज समेत कई जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, निक्षय मित्र, टीबी मरीज और उनके परिजन मौजूद रहे।

173 निक्षय मित्रों ने जुटाए 11.06 लाख रुपये

कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में अब तक 173 निक्षय मित्रों ने लगभग 11 लाख 6 हजार रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की है। इस राशि से जिले के टीबी मरीजों के लिए पोषण पोटलियों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे इलाज के साथ-साथ उनके पोषण स्तर में भी सुधार हो सके।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निक्षय मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा कई टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटलियों का वितरण किया गया।

टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी की अपील

बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि टीबी से लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों, सामाजिक संगठनों और संस्थानों से निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

वहीं मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच एवं नियमित दवा से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान पांच टीबी मरीजों को गोद लेने की घोषणा भी की।

रामगढ़ को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए रामगढ़ जिला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, जांच, उपचार और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि 173 निक्षय मित्रों द्वारा इतनी बड़ी सहयोग राशि जुटाना जिले के लिए गौरव की बात है। यह समाज की संवेदनशीलता और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या टीबी के अन्य लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और समय पर इलाज शुरू करें।

जनता से आगे आने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, उद्योगों और सक्षम लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की। विभाग का कहना है कि सामूहिक सहयोग और जागरूकता के बल पर ही रामगढ़ को टीबी मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।