पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के समीप रविवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय शिवा भुईया, पिता स्वर्गीय चरकु भुईया, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के इंस्पेक्टर जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। रेल परिचालन बाधित न हो, इसके लिए शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित किनारे रखा गया तथा चादर से ढक दिया गया। साथ ही, जीआरपी के पहुंचने तक सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई।
घटना की सूचना तत्काल सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई। जीआरपी के मौके पर पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या की आशंका से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और मामले की जांच में जुटी हुई है।