कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय के पुस्तकालय को मिली 42 नई पुस्तकें, लोक सेवा शक्ति निकेतन ट्रस्ट ने किया सहयोग

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : श्री लोक सेवा शक्ति निकेतन ट्रस्ट, ब्रह्मलीन श्री 108 स्वामी दर्शनानंद जी महाराज द्वारा स्थापित ट्रस्ट के सौजन्य से कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय के पुस्तकालय को छात्राओं के लिए 42 नई पाठ्य पुस्तकें भेंट की गईं। यह पहल ट्रस्ट के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत की गई।

ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सुरेश पी. अग्रवाल ने बताया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कक्षा 11वीं एवं 12वीं की कुल 42 नई पाठ्य पुस्तकें महाविद्यालय को प्रदान की गई हैं। इन पुस्तकों की कुल लागत लगभग 12 हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. उमा सेनगुप्ता ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राएं अध्ययन करने आती हैं। ऐसे में सभी छात्राओं के लिए महंगी पाठ्य पुस्तकें खरीद पाना संभव नहीं होता। ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई इन पुस्तकों से छात्राओं को अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी, जिससे उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी और शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिका प्रो. अंजू शर्मा, ट्रस्ट के मानद सचिव महेश बंसल, संयुक्त सचिव बाल कृष्ण जालान तथा कोषाध्यक्ष बिमल किशोर जाजू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।