डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बाबा बैद्यनाथ व बासुकिनाथ मंदिर में की पूजा, दुमका में करेंगी प्रमंडलीय अपराध समीक्षा बैठक

Spread the love

देवघर / दुमका (झारखंड) : झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने बाबा बासुकिनाथ मंदिर पहुंचकर भी भगवान शिव का दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा उपराजधानी दुमका के लिए रवाना हो गईं। दुमका में उनके नेतृत्व में संताल परगना प्रमंडल की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित होगी।

बैठक में संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी के अलावा देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल होंगे। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, लंबित आपराधिक मामलों, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग की प्रभावशीलता तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

बैठक में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।