जमशेदपुर (झारखंड) : पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित डिमना लेक में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। मृतक डॉक्टरों की पहचान डॉ. सक्षम और डॉ. समीर के रूप में हुई है। इस घटना से एमजीएम अस्पताल सहित पूरे चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर देर शाम डिमना लेक घूमने गए थे। तीनों लेक के किनारे बैठे हुए थे, तभी उनमें से एक डॉक्टर का मोबाइल फोन अचानक पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में दो डॉक्टर पानी में उतर गए, लेकिन लेक की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
तीसरे साथी ने दी घटना की सूचना
घटना के समय उनके साथ मौजूद तीसरे जूनियर डॉक्टर यश किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्होंने तत्काल एमजीएम अस्पताल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गोताखोरों ने निकाले शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद डॉ. सक्षम और डॉ. समीर के शव पानी से बाहर निकाले गए। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा मोबाइल निकालने के प्रयास के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हुआ। घटना के बाद एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और कर्मचारियों में शोक व्याप्त है। वहीं प्रशासन ने लोगों से जलाशयों के किनारे विशेष सतर्कता बरतने और जोखिम उठाकर पानी में नहीं उतरने की अपील की है।