रामगढ़ (झारखंड) : सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को चुटुपालू घाटी क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर रांची-रामगढ़ सीमा स्थित पुनदाग टॉल प्लाजा पर भारी वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चालकों की शराब सेवन की स्थिति की जांच करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि चुटुपालू घाटी दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के कारण यहां समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जाते हैं, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।