रामगढ़ (झारखंड) : भदानीनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

भदानी नगर  (रामगढ़), झारखंड : पतरातू अनुमंडल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर (हेरोइन), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला टेप, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

शनिवार को पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद 24 जुलाई को भदानीनगर ओपी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। सूचना थी कि तीन युवक बिना नंबर प्लेट की काले-हरे रंग की बजाज पल्सर डोमिनार बाइक से अवैध मादक पदार्थ लेकर भुरकुंडा से रामगढ़ की ओर जा रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद भदानीनगर ओपी गेट के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों युवकों को दबोच लिया।

अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन (टेप सहित) 13.65 ग्राम बताया गया। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल तराजू, टेप का बंडल, बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर डोमिनार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय एजाज अंसारी, 27 वर्षीय अजमत अंसारी तथा 25 वर्षीय राहुल कुमार बेदिया के रूप में हुई है। तीनों पतरातू थाना क्षेत्र के चिकोर गांव के निवासी हैं।

इस संबंध में भदानीनगर ओपी में कांड संख्या 193/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी) एवं 27(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में पतरातू अंचल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी मोहम्मद अख्तर अली, भुरकुंडा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सैनी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।