रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में सोमवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान समिति की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
चुट्टूपालू घाटी में दुर्घटनाएं रोकने पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने घाटी में स्थापित स्ट्रीट लाइटों की नियमित कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अधिक संख्या में चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने, हाईमास्ट लाइट स्थापित करने, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए।
‘हिट एंड रन’ मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश
बैठक में ‘हिट एंड रन’ दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा और राहत मिल सके। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने पर जोर
शहर में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें बाधामुक्त होने से यातायात सुचारू होगा और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं अभियान रहेगा जारी
बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नियमित चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर “हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं” अभियान को सख्ती से जारी रखने पर बल दिया गया।
बैठक में जिला परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।