रामगढ़ कैंट, झारखंड :सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस ने गुरुवार को रामगढ़ महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य प्रो. डॉ. बी.के. मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और महाविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने सहित छात्र-छात्राओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक संवाद किया।
बैठक में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल, परिसर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था तथा शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और उनके समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. बी.के. मिश्रा ने महाविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
मुलाकात के अंत में प्राचार्य ने सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस के सुझावों और सहयोगात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय और सहभागिता से महाविद्यालय को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को इसका लाभ प्राप्त होगा।