रामगढ़ सदर अस्पताल में इनर व्हील क्लब ने चलाया स्तनपान जागरूकता अभियान

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से गुरुवार को सदर अस्पताल, रामगढ़ में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और माताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लाभों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही स्तनपान से जुड़े सामान्य भ्रमों का भी वैज्ञानिक तरीके से निराकरण किया गया।

वक्ताओं ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह प्रत्येक वर्ष 1 से 7 अगस्त तक मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्तनपान को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की पदाधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ माँ और स्वस्थ शिशु हैं। स्तनपान न केवल शिशु को संपूर्ण पोषण और बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है, बल्कि यह माँ के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। क्लब ने भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के बीच जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा माताओं से स्तनपान को अपनाने और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, शर्मिष्ठा दत्ता, नीरू साहनी, रंजू अरोड़ा, प्रियंका जैन, जसमीत सोनी, हरमीत कौर सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।