रामगढ़, झारखंड में 9 अगस्त को होगा वैश्य क्रांति सम्मेलन, तैयारियां तेज; 7 अगस्त को समीक्षा बैठक

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के तत्वावधान में 9 अगस्त को रामगढ़ के रोटरी क्लब में आयोजित होने वाले वैश्य क्रांति सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

मोर्चा के अनुसार, गोला क्षेत्र में प्रधान महासचिव बीरेन्द्र कुमार एवं लखन अग्रवाल, मांडू क्षेत्र में जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरी और दिनेश्वर साहु, डाड़ी-गिद्दी क्षेत्र में हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र साहु एवं नंदकिशोर साहु, जबकि पतरातू क्षेत्र में मुकेशलाल सिंदूरिया और विश्वामित्र गुप्ता सम्मेलन को लेकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

सम्मेलन में शामिल होने के लिए कई प्रमुख अतिथियों ने अपनी सहमति दे दी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद उपस्थित रहेंगे, जबकि रामगढ़ के पूर्व विधायक शंकर चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा डॉ. अशोक कुमार (अध्यक्ष, झारखंड प्रदेश शौंडिक (सुडी) समाज, रांची), डॉ. संजय प्रभाकर (सीनेट सदस्य, विनोबा भावे विश्वविद्यालय), संजय प्रसाद (अध्यक्ष, मुखिया संघ, मांडू प्रखंड), तिलकराज मंगलम् (समाजसेवी), दिलीप साहु (समाजसेवी एवं प्रोपराइटर, शक्ति भोग) तथा आनंद जैन (समाजसेवी) सम्मानित अतिथि के रूप में सम्मेलन में शामिल होंगे। अन्य कई गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रण भेजा गया है, जिनके कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा और स्थल का निरीक्षण करने के लिए 7 अगस्त को पूर्वाह्न 11:30 बजे रोटरी क्लब, रामगढ़ में तैयारी समिति एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों की अंतिम समीक्षा की जाएगी।

झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने सभी पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।