कुजू के श्रीराम पावर प्लांट में फर्नेस भट्ठी ब्लास्ट, नौ से अधिक मजदूर घायल

Spread the love

दो मजदूरों की हालत गंभीर, रांची रेफर ; सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू के हीरक रोड स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट लिमिटेड में रविवार दोपहर फर्नेस भट्ठी की सफाई के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में नौ से अधिक मजदूर घायल हो गए। इनमें दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

इलाजरत मजदूर

घायलों में रितेश राणा और रमेश ठाकुर की स्थिति चिंताजनक बताई गई है। दोनों को रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायल मजदूरों का इलाज रांची रोड स्थित होप हॉस्पिटल में चल रहा है। अस्पताल में डॉ. सौरभ कुमार की देखरेख में घायलों का उपचार किया जा रहा है।

इलाजरत मजदूर

हादसे के बाद प्लांट में मची अफरा-तफरी

ब्लास्ट की घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्लांट प्रबंधन ने तत्काल अपने निजी वाहनों से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।

घायलों में राजेंद्र महतो (हजारीबाग), कुंजलाल रविदास (अराकांटा, रामगढ़), धनंजय सिंह (पटना), परमेश्वर कुमार महतो (नवाटांड़, रामगढ़), संजय प्रसाद (रांची रोड, रामगढ़), विजय यादव (दरभंगा, बिहार), राजेंद्र महतो (चटाक, रामगढ़), रितेश राणा (शिवपुरी, हजारीबाग) और रमेश ठाकुर (नईसराय, रामगढ़) शामिल हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजदूरों में आक्रोश

घटना के बाद मजदूरों और उनके परिजनों में आक्रोश देखा गया। मजदूरों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फर्नेस भट्ठी की सफाई जैसे जोखिम वाले कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए थे।

हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।