चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना में हाथियों की लगातार आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग के अनुसार, बीती रात जिले में हाथियों के दो झुंड सक्रिय थे। खोंखा में करीब 44 और कोरांबे में तीन हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी।
गांव में जुटी लोगों की भीड़
वन विभाग के मुताबिक खोंखा क्षेत्र में मौजूद 44 हाथियों का झुंड आगे चलकर दो समूहों में बंट गया। इनमें से करीब 12-13 हाथियों का एक समूह छत्तर-गोला एनएच पार कर बड़कीपोना की ओर प्रवेश कर गया। इसी दौरान सुबह बड़कीपोना क्षेत्र में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक महिला की हाथियों के हमले में मौत हो गई।
घटना के बाद बड़कीपोना स्टेशन और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने स्टेशन के आसपास रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने और हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
अभी तीन स्थानों पर हाथियों की मौजूदगी
वन विभाग, रामगढ़ की ओर से जारी सूचना के अनुसार वर्तमान में हाथियों की स्थिति इस प्रकार है—
32 हाथी — तेवरडाग/भुचुंगडीह क्षेत्र में
13 हाथी — बड़कीपोना क्षेत्र में
3 हाथी — कोरांबे क्षेत्र में
इस तरह रामगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कुल करीब 48 हाथियों की गतिविधि दर्ज की गई है।
बड़कीपोना स्टेशन क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और आसपास के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। लोगों से अपील की गई है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं, झुंड के करीब जाकर वीडियो न बनाएं और हाथियों को भगाने या उकसाने की कोशिश न करें।
ग्रामीणों से यह भी कहा गया है कि हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और अपने परिवार के सदस्यों, विशेषकर बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
वन विभाग, रामगढ़ ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और विभागीय सूचना के आधार पर ही आवश्यक सावधानी बरतें।